Bihar Politics: बिहार सरकार ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर आवास खाली करने के लिए फाइनल नोटिस जारी किया है हालांकि राबड़ी देवी ने दो टूक में कहा है कि वह किसी कीमत पर आवास को खाली नहीं करेंगी, सम्राट चौधरी फोर्स बुलाकर बंगला खाली करा लें। राबड़ी देवी के इस चैलेंज पर जेडीयू का बयान आया है।


राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं करने के चैलेंज पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जो नियम कानून है उसके हिसाब से काम होता है और सभी लोगों को नियम कानून का पालन करना चाहिए। जो नियम कानून कहता है वही होता है और सब लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए।


वहीं जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राबड़ी देवी को भी घर की चिंता होने लगी? किलाबंदी वाला मकान महुआबाग में बन रहा है, वैकल्पिक आवास कौटिल्य नगर में बन रहा है। जहां देखिए वहीं भूभाग उपलब्ध है। मकान के सवाल पर हठधर्मिता नहीं करना चाहिए। आप विपक्ष के नेता हैं, आपका आचरण महत्वपूर्ण होता है। आपके दल के विधायक और विधान पार्षद उसी का अनुशरण करेंगे।


नीरज ने कहा कि हम समझते हैं कि इनको न मकान की चिंता करनी चाहिए, आपको आवास भी मिल गया है और वैकल्पिक व्यवस्था भी है। विभाग की तरह से राबड़ी देवी को तीन नोटिस भेजा जा चुका है। जिसको पटना जैसे शहर में 43 बीघा जमीन हो उसको चिंता करने की क्या जरुरत है। महुआबाग में स्थाई मकान और कौटिल्य नगर में वैकल्पिक आवास बन रहा है।


उन्होंने कहा कि उनके पास तो इतनी संपत्ति है कि उसे टूरिज्म का सेंटर बनाया जा सकता है। वैसे लोग जो सबकुछ से संपन्न होते हैं वही सरकारी धन के दुरुपयोग के लिए बेचैन रहते हैं। लालू प्रसाद के पास तो फुलवरिया में एक बीघा ही जमीन थी लेकिन वहां आज 9 बीघा है। पटना में 43 बीघा और मुजफ्फरपुर में 25 बीघा जमीन है। औरंगाबाद में, दिल्ली में जहां मर्जी करे वहां रहिए।