Bihar Politics: प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर कथित तौर पर दिए गए ‘गोली मारने’ वाले बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने जो बात कही है, उस पर कायम हैं, लेकिन जो बात नहीं कही, उसे उनके मुंह में नहीं डाला जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला।



शनिवार को प्रशांत किशोर विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने निकले थे। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे वायरल वीडियो और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गोली मारने संबंधी कथित बयान पर सवाल पूछा। जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा कि बोला कुछ और, बना दिया गया कुछ और।



उन्होंने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि आपके कैमरे पर कह रहे हैं कि सम्राट चौधरी सातवीं फेल हैं, अनपढ़ हैं, अपराधी हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं, इससे कम कुछ नहीं। लेकिन जो बात मैंने कही नहीं, उसे मुंह में डालिए नहीं, और जो बात मैंने कही है, उस पर कायम हूं। जो करना है कर लो।



दरअसल, शुक्रवार को प्रशांत किशोर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। यह वीडियो एमएलसी चुनाव के दौरान सीतामढ़ी में आयोजित एक जनसभा का बताया जा रहा है। वीडियो में प्रशांत किशोर बिहार में अपराधियों के एनकाउंटर को लेकर अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर टिप्पणी करते सुनाई देते हैं।



वीडियो में कथित तौर पर उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों को गोली मारनी है, तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी कौन है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर कई लोगों की हत्या के मामले में जेल जाने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है। वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई और बीजेपी तथा जदयू के नेताओं ने प्रशांत किशोर के बयान पर आपत्ति जताई।