Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले में होने वाली जनसभा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस कार्यक्रम में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर से आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया है। उन्हें राघोपुर विधायक के तौर पर प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने का न्योता मिला है। हालांकि, तेजस्वी यादव इस कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इस पर अभी संशय बना हुआ है। आरजेडी की ओर से भी उनकी उपस्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली जिले के जाफरपट्टी गांव में आयोजित जनसभा से बिहार की करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस दौरान पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के राघोपुर होते हुए बिदुपुर तक बने सिक्सलेन पुल का भी औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। सम्राट सरकार ने हाल ही में इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा है, जिसे लेकर बिहार की राजनीति में विवाद छिड़ा हुआ है।
आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर आपत्ति जता चुके हैं। उन्होंने राज्य सरकार से इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की है। तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा था कि बीजेपी के मुख्यमंत्री वाली एनडीए सरकार ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के जीवित रहते ही पुल का नाम नीतीश सेतु रखकर उनकी कथित राजनीतिक विदाई कर दी है।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल गंगा नदी के दियारा इलाके में स्थित राघोपुर क्षेत्र को राजधानी पटना से जोड़ता है। इसके निर्माण से इलाके के लोगों को सालभर सीधा और सुरक्षित सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। पहले राघोपुर के लोगों को आवागमन के लिए नावों और पीपा पुल का सहारा लेना पड़ता था। बारिश और बाढ़ के दौरान कई बार इलाके का संपर्क दूसरे क्षेत्रों से टूट जाता था। अब पुल के पूरी तरह चालू होने से लोगों को इस समस्या से राहत मिलेगी।
इस परियोजना के पहले चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक बने पुल का उद्घाटन पिछले साल ही हो चुका है। वहीं, दूसरे चरण में राघोपुर से बिदुपुर तक का निर्माण कार्य हाल ही में पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी हिस्से का औपचारिक लोकार्पण करेंगे।
नीतीश सेतु के पूरी तरह चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। मिथिला और तिरहुत क्षेत्र से राजधानी पटना पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके अलावा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस जनसभा में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी आखिरी बार बिहार में सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आए थे।
फिलहाल सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होते हैं या नहीं। यदि वह पहुंचते हैं तो नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच उनका और प्रधानमंत्री का एक मंच पर आना बिहार की राजनीति में अहम चर्चा का विषय बन सकता है।