Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में बिहार म्यूजियम की सराहना की। उन्होंने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और कला-संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से बिहार म्यूजियम का उल्लेख किए जाने को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पटना स्थित बिहार म्यूजियम अपनी विश्वस्तरीय संरचना, आधुनिक प्रदर्शनी व्यवस्था और ऐतिहासिक कलाकृतियों के संग्रह के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान बना चुका है। यहां बिहार के प्राचीन इतिहास, सभ्यता, कला और संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहरों को संरक्षित किया गया है।
बिहार म्यूजियम का उद्देश्य केवल पुरातात्विक वस्तुओं का प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को राज्य के गौरवशाली अतीत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है। इसका निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में कराया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहले बिहार म्यूजियम का भ्रमण कर चुके हैं और इसकी विश्वस्तरीय संरचना तथा प्रदर्शित कलाकृतियों की सराहना कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री की प्रशंसा से बिहार की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन के लिहाज से भी बिहार म्यूजियम को देश-विदेश के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बनाने में मदद मिल सकती है। राज्य की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और उसे वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के प्रयासों को भी इससे प्रोत्साहन मिलेगा।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनने के लिए भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विशेष आयोजन किया गया। अटल सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने के लिए एकत्र हुए।