Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। गंगा नदी पर बने इस पुल का नाम बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है। उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह पुल नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण का प्रतीक है। PM मोदी द्वारा नीतीश सेतु के लोकाप्रण पर जेडीयू ने बधाई दिया है. 


जनता दल (यू) के प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार झा ने कहा है कि आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के करकमलों से कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर गंगा पुल के लोकार्पण एवं ‘नीतीश सेतु’ के रूप में इसके नामकरण को बिहार के विकास इतिहास का एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी ने इस ऐतिहासिक सेतु का नामकरण बिहार के विकास पुरुष नीतीश कुमार के नाम पर करने का निर्णय लेकर उनके अतुलनीय योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार के प्रति समर्पण को चिरस्थायी सम्मान प्रदान किया है।



मुख्यमंत्री जी का यह निर्णय उनके सम्मानभाव, राजनीतिक उदारता और बिहार की विकासात्मक विरासत के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का परिचायक है। प्रधानमंत्री के हाथों इस सेतु का लोकार्पण इस ऐतिहासिक पहल को राष्ट्रीय गरिमा प्रदान करता है। कहा कि नीतीश कुमार ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन और दूरदर्शी नेतृत्व से बिहार को विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की नई पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में सड़क, पुल-पुलियों, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुए। विशेषकर ग्रामीण सड़कों एवं पुलों के निर्माण के माध्यम से सुदूरवर्ती क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की उनकी प्रतिबद्धता ने बिहार की विकास यात्रा को नई दिशा दी।



उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर गंगा पुल केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह सेतु आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और समृद्धि की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।


जेडीयू महासचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा इस महत्वपूर्ण सेतु का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने का निर्णय बिहार की राजनीतिक परंपरा में सम्मान, सहिष्णुता और कृतज्ञता का संदेश देता है। किसी राज्य के विकास में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों की उपलब्धियों को सम्मानित करना और उनकी विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना एक स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा है। मुख्यमंत्री जी का यह निर्णय इसी भावना को अभिव्यक्त करता है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिली है। आज उनके करकमलों से इस सेतु का लोकार्पण बिहार के विकास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों, सामाजिक संपर्क और आमजन की सुविधाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


रंजीत कुमार झा ने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ आने वाली पीढ़ियों के लिए केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि बिहार के विकास में दूरदर्शी नेतृत्व, जनसेवा और समर्पण की विरासत का प्रतीक बनेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति पुनः हृदय से आभार व्यक्त किया तथा मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी को उनके इस सम्मानपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय के लिए विशेष धन्यवाद दिया।