नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम की बैठक में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब सवा चार घंटे तक पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की। बैठक में प्रधानमंत्री ने संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर संपर्क बढ़ाने और बदलते दौर के युवाओं तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक का दूसरा दिन रविवार को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शामिल हो रहे हैं।

एक-एक पदाधिकारी से PM मोदी ने की बातचीत

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हॉल में मौजूद सभी करीब 65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने हर पदाधिकारी का परिचय लिया और संगठन में उनके अनुभवों के बारे में जानकारी हासिल की। पीएम मोदी ने पदाधिकारियों की बातों को भी ध्यान से सुना और संगठन से जुड़े उनके अनुभवों तथा चुनौतियों को समझने की कोशिश की।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने संगठन मंत्री के तौर पर अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि संगठन में काम करते समय उनके सामने किस तरह की चुनौतियां आईं और उन परिस्थितियों में किस रणनीति के जरिए पार्टी को मजबूत करने पर काम किया गया। पीएम ने अपने अनुभवों के माध्यम से नई टीम को संगठनात्मक कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण संदेश दिए।

संगठन विस्तार की रणनीति पर हुई चर्चा

बैठक में सिर्फ परिचय और अनुभव साझा करने तक चर्चा सीमित नहीं रही। प्रधानमंत्री ने पार्टी को भविष्य की राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की रणनीति पर भी बातचीत की। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री ने पदाधिकारियों के साथ मिलकर मिलेट्स से बना खाना भी खाया। इससे बैठक का माहौल औपचारिक राजनीतिक चर्चा से अलग संवादात्मक भी रहा। पीएम मोदी ने पदाधिकारियों के साथ सीधे संवाद के जरिए नई टीम को समझने और उनके विचार जानने की कोशिश की।

नितिन नवीन और बीएल संतोष के साथ अलग बैठक

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं। सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन के साथ हुई बैठक में पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्यों के नामों को लेकर भी चर्चा हुई है। माना जा रहा है कि संसदीय बोर्ड के नामों का ऐलान जल्द किया जा सकता है। भाजपा के लिए संसदीय बोर्ड पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक निकायों में से एक है। ऐसे में इसके गठन को लेकर हुई चर्चा को संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

युवाओं से लगातार संवाद बढ़ाएगी BJP

शनिवार की बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नई राष्ट्रीय टीम के सामने पार्टी की आगामी प्राथमिकताएं रखीं। उन्होंने युवाओं के साथ लगातार संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को प्राथमिकता देने की बात कही गई। भाजपा आने वाले दिनों में देशभर में युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए बड़े अभियान चलाने की तैयारी में है। पार्टी की रणनीति में खास तौर पर नई पीढ़ी को जोड़ना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

14 साल से अधिक उम्र के युवाओं पर फोकस

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा का फोकस 14 साल और उससे अधिक उम्र के युवाओं पर रहेगा। इसमें Gen Z के साथ-साथ Gen Alpha पीढ़ी के युवा भी शामिल होंगे। पार्टी का मानना है कि आने वाले समय में यही युवा देश की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग टीमें तैयार किए जाने की योजना है। इन टीमों को विभिन्न क्षेत्रों और राज्यों में युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने की जिम्मेदारी दी जा सकती है। भारतीय जनता युवा मोर्चा इन टीमों के गठन और उन्हें सक्रिय करने में सहयोग करेगा।

नई टीम के सामने संगठन को नई धार देने की चुनौती

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद यह पहली बड़ी बैठक संगठन के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी का पदाधिकारियों से व्यक्तिगत संवाद और संगठन मंत्री के रूप में अपने अनुभव साझा करना इस बैठक की खास बात रही।

अब रविवार को होने वाली बैठक में प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और प्रभारियों के साथ संगठनात्मक स्थिति, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों और आगामी अभियानों को लेकर चर्चा होगी। भाजपा की कोशिश स्पष्ट रूप से संगठन को जमीनी स्तर पर और सक्रिय करने तथा नई पीढ़ी के साथ पार्टी का संवाद मजबूत करने की दिखाई दे रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में ‘युवा संवाद’ और अन्य संगठनात्मक अभियानों पर पार्टी का विशेष जोर देखने को मिल सकता है।