PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पटना पहुंच गए हैं। पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली के लिए रवाना हो गए हैं। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी राघोपुर में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्स लेन पुल यानी नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद वह वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।



प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर सरकार और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। वैशाली जिला प्रशासन के साथ-साथ एनडीए के घटक दल भी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। नीतीश सेतु से लेकर राजापाकर के जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया तक पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। पूरे इलाके को सजाया गया है।




कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल पंडाल, मंच और विशेष व्यवस्था तैयार की गई है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।




पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त की गई है। पटना एयरपोर्ट से लेकर रेलवे स्टेशन और गंगा नदी तक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम और प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए 70 कंपनियों के करीब 6,500 जवानों को लगाया गया है।




सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी भी वैशाली में कैंप कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि प्रधानमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।