PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इस दौराम एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी एयरपोर्ट से सीधे वैशाली के लिए रवाना होंगे, जहां 34,470 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात देंगे।



दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को बिहार दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान वह वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल यानी नीतीश सेतु को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। 



यह दौरा बिहार में नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री का पहला बड़ा विकास कार्यक्रम है। इस दौरान सड़क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। बिहार में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को लेकर भी इस दौरे पर लोगों की नजरें टिकी हैं।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण गंगा नदी पर बना छह लेन का कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल होगा, जिसे नीतीश सेतु नाम दिया गया है। करीब 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर की एप्रोच रोड शामिल है।



करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल के चालू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। राघोपुर दियारा के लोगों को भी पटना से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।



प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। करीब 34,470 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं का संबंध सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है।



इनमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और करीब 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री कई अन्य परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 



इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का आयोजन भी होगा। इसके अलावा बिहार में 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इससे शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।



औद्योगिक विकास को गति देने के लिए वैशाली के जाफरपट्टी में औद्योगिक पार्क और कॉरिडोर की आधारशिला रखे जाने की भी योजना है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और शहरी विकास से जुड़ी कई परियोजनाएं बिहार को समर्पित की जाएंगी। 



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बिहार दौरा विकास परियोजनाओं के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई सरकार के गठन के बाद यह उनका पहला बड़ा विकास कार्यक्रम है। ऐसे में बिहार के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं, निवेश और रोजगार को लेकर प्रधानमंत्री के संदेश पर भी सबकी नजर रहेगी।