Bihar Politics: बिहार विधान परिषद की पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर RJD के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने जीत दर्ज कर ली है. उन्होंने BJP उम्मीदवार को हराकर यह सीट अपने नाम की. नतीजा सामने आने के बाद RJD खेमे में खुशी का माहौल है, वहीं इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बधाई संदेश ने इस चुनाव को लेकर सियासी चर्चा और बढ़ा दी है.


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर डॉ. संजीव कुमार को जीत की बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने पर डॉ. संजीव कुमार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.


CM ने आगे उम्मीद जताई कि डॉ. संजीव कुमार का कार्यकाल शिक्षकों के हितों की रक्षा और शिक्षा जगत के लिए सफल रहेगा. मुख्यमंत्री की ओर से RJD उम्मीदवार को दी गई यह बधाई अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई है.


BJP उम्मीदवार को हराकर RJD ने जीती सीट

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस वजह से भी अहम रहा, क्योंकि यहां RJD उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने BJP के उम्मीदवार को शिकस्त दी है. चुनाव परिणाम के बाद RJD समर्थकों में उत्साह है और पार्टी इसे अपनी बड़ी जीत के तौर पर देख रही है.


वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जीत के बाद डॉ. संजीव कुमार को बधाई देना चर्चा में है. हालांकि CM ने अपने संदेश में राजनीतिक टिप्पणी नहीं की, बल्कि उनकी जीत पर शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों और शिक्षा जगत के लिए बेहतर काम की उम्मीद जताई है.


पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत के बाद अब डॉ. संजीव कुमार की भूमिका पर शिक्षकों की नजर रहेगी. विधान परिषद में शिक्षकों से जुड़े मुद्दे उठाना और उनकी आवाज को मजबूती से रखना उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी.