PATNA : अब तक परिवारवाद के आरोपों से घिरे आरजेडी ने अब बीजेपी को भी इस मसले पर घेरना शुरू कर दिया है। राज्यसभा सांसद डॉ सीपी ठाकुर के बेटे विवेक ठाकुर के राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन करते ही ये मुद्दा अब मुखर तौर पर सामने आने लगा है। बीजेपी नेताओं ने अब इस पूरे मसले पर पलटवार किया है।
बीजेपी नेता और बिहार सरकार के श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि विवेक ठाकुर कोई सोने का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुए हैं। उन्होनें बरसों से पार्टी की सेवा की है तो आज उन्हें मौका मिला है। किसी नेता का बेटा अगर पार्टी में शामिल होता है 24 वर्षों तक पार्टी के लिए काम करता है तो ऐसे आदमी को टिकट मिलने पर परिवारवाद से जोड़ना ठीक नहीं है।इसके साथ ही वे लालू परिवार पर हमला करने से नहीं चूकें। उन्होनें कहा कि तेजस्वी यादव को प़ॉलिटिक्स में इंट्री करते ही डिप्टी सीएम की कुर्सी से नवाजा गया। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने अपने परिवार से आगे बढ़ कर सोचा ही नहीं। अब जेल जाने के बाद उनकी सोच थोड़ी बदली है। भगवान उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करें।
वहीं विवेक ठाकुर के पिता डॉ सीपी ठाकुर ने विवेक ठाकुर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होनें खुद अपने बूते पर पिछले 24 सालों से पार्टी की सेवा की है। अगर पार्टी उन्हें मौका देती है तो ये उनके मेहनत का फल हैं। वहीं विवेक ठाकुर ने कहा कि मैं पार्टी आलाकमान समेत पूरी पार्टी का आभारी हूं। मुझे बड़ी जिम्मेवारी दी गयी है उस पर हमेशा खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।