Bihar Politics: बिहार में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ अपराध की घटनाओं को लेकर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि लड़कियों से छेड़खानी करने वालों का हाथ काटकर लाने वाले को वह 2 लाख रुपये का इनाम देंगे। दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित खुर्दा महोत्सव में मंच से दिए गए उनके इस बयान ने चर्चा तेज कर दी है।



पप्पू यादव ने कहा कि बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बेटी की तरफ हाथ उठाने वालों के हाथ को काटकर लाइए और पप्पू यादव से 2 लाख रुपये इनाम लीजिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों को दंडित किया जाना चाहिए और इस मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा, चाहे आरोपी किसी भी विचारधारा या धर्म से संबंधित हो।



सांसद ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अपराध करने वाले व्यक्ति को उसके प्रभाव या पहचान के आधार पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि छेड़खानी करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।



बता दें कि हाल के दिनों में बिहार के जमुई, बांका, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों से युवतियों के साथ दुर्व्यवहार और छेड़खानी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन घटनाओं को लेकर राज्य में व्यापक नाराजगी देखने को मिली थी। कई मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था।



जमुई के वायरल वीडियो मामले में आरोपी नंदन यादव के खिलाफ पुलिस ने कथित हाफ एनकाउंटर की कार्रवाई भी की थी। इन घटनाओं की विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने निंदा की थी और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।



पप्पू यादव दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित खुर्दा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम का आयोजन सार्वजनिक युवा शक्ति दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के तत्वावधान में किया गया था। इसी कार्यक्रम में उन्होंने छेड़खानी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए 2 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की।