Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचे। इस दौरान वहां जेडीयू के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। संजय झा ने भी नीतीश कुमार से मुलाकात की। नीतीश कुमार के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ और ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
संजय झा को नीतीश कुमार ने दिए निर्देश
मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने संजय झा से कहा कि आप आ गए हैं, सभी लोगों से अच्छे से मिलिए और सबके कागज ले लीजिए। इसके बाद उन्होंने संजय झा को तीन बजे अपने पास आने के लिए कहा। संजय झा ने कहा कि लोग चाहते हैं कि अक्टूबर से पूरे बिहार के जिलों में लगातार दौरा और जनसंपर्क कार्यक्रम हो। इस पर नीतीश कुमार ने सहमति जताते हुए कहा, ‘ठीक है।’
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार देश के सर्वमान्य नेताओं में से एक हैं। वह लगातार पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए नीतीश कुमार ने जो काम किए हैं, उन्हें लोग आज भी याद करते हैं।
सिवान AK-47 मामले पर क्या बोले संजय झा?
सिवान के AK-47 मामले को लेकर संजय झा ने कहा कि घटना के बाद केंद्र सरकार ने समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी निर्देश दिया है कि छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म किया जाए।
संजय झा ने कहा कि सिवान में हुई घटना के बाद बिहार सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और संबंधित अधिकारी को निलंबित करने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि घटना के संबंध में जो भी कार्रवाई संभव थी, सरकार ने उस पर तत्काल कदम उठाया।
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए संजय झा ने कहा कि वह ‘पार्ट टाइम पॉलिटिक्स’ करते हैं। उन्होंने कहा कि जब देशभर में यह समस्या उठी थी, उस समय तेजस्वी यादव विदेश में थे और उन्हें इन मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं था।
संजय झा ने कहा कि आंदोलन खत्म हो चुका है और जिन समस्याओं को लेकर आंदोलन किया जा रहा था, सरकार ने उन्हें सुन लिया है। ऐसे में तेजस्वी यादव अब दोबारा आंदोलन क्यों कर रहे हैं? उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव की पार्टी बिखरने के कगार पर है और पार्टी अब उनके नियंत्रण में नहीं रह गई है। संजय झा ने तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी पर ध्यान देने की सलाह दी।
छात्रों के आंदोलन पर बोले संजय झा
बिहार में छात्रों के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर संजय झा ने कहा कि आंदोलन करना छात्रों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि छात्रों के जो भी मुद्दे और समस्याएं हैं, सरकार उनका समाधान करेगी।
संजय झा ने कहा कि बिहार में जितनी बहाली हुई है, उतनी किसी दूसरे राज्य में नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों के सामने कोई समस्या है तो वे आंदोलन कर सकते हैं और सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों की हर जायज मांग पर जरूर ध्यान देगी।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना