Bankipur By Election: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार शाम दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा है। नितिन नबीन मंगलवार को पटना में पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे और उपचुनाव की रणनीति तय करेंगे।



सीएम सम्राट चौधरी से हुई अहम मुलाकात

पटना पहुंचने के बाद देर शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भाजपा अध्यक्ष के आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, राज्य की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।


नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा का विषय बना लिया है। हालांकि, वर्ष 1995 से इस सीट पर भाजपा का लगातार कब्जा रहा है, फिर भी पार्टी कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती।



आज प्रदेश नेताओं के साथ करेंगे बैठक

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को नितिन नवीन प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनिंदा नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। बैठकों के बाद मंगलवार देर शाम उनके दिल्ली लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।



एयरपोर्ट पर नेताओं ने किया स्वागत

पटना एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद नितिन नवीन अपने आवास पहुंचे, जहां बांकीपुर उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने उनसे मुलाकात की थी।