Bihar Politics: वंदे मातरम् को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राहुल गांधी पर दिए बयान के बाद बिहार में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. नितिन नवीन ने राहुल गांधी के नाम के आगे ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए उन पर भारतीय संस्कृति के महत्व को नहीं समझने का आरोप लगाया था. उनके इस बयान पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी. अब युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए नितिन नवीन के बयान का समर्थन किया है.


रोहित कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बारे में जो कहा है, वह बिल्कुल सही है. उन्होंने राहुल गांधी को ‘नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ का चेयरपर्सन बताते हुए उन पर परिवारवाद और धार्मिक तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया.


रोहित ने कहा कि राहुल गांधी धार्मिक तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देते हैं और इसके जरिए देश में विभाजनकारी शक्तियों के संरक्षण में खड़े दिखाई देते हैं. उन्होंने कांग्रेस पर नितिन नवीन का अपमान कर देश के नौजवानों का अपमान करने का भी आरोप लगाया.


रोहित कुमार सिंह ने कहा कि नितिन नवीन के खिलाफ कांग्रेस की बयानबाजी से वह एक आम नौजवान की हैसियत से आहत हैं. उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी के लाल और भारतीय राजनीति में नौजवानों की आवाज उठाने वाले नितिन नवीन के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी स्वीकार नहीं की जा सकती.


उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल मियां आपको देश जान चुका है. इसीलिए देश ने आपको 2014 में, 2019 में और 2024 में बाहर का रास्ता दिखाया है.”


रोहित ने कांग्रेस पर साधा निशाना

युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि कांग्रेस को नितिन नवीन के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी बंद करनी चाहिए. उन्होंने कांग्रेस पर राहुल गांधी के इशारे पर बिहार के नेताओं के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि नितिन नवीन के सामने राहुल गांधी की राजनीति की कोई तुलना नहीं है.


रोहित ने कहा कि नितिन नवीन के संदर्भ में कांग्रेस की ओर से दिए गए बयान के लिए कांग्रेस नेताओं को माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि एक बिहारी होने के नाते वह इस बयान से आहत हैं और उनके अनुसार बिहार के नौजवानों में भी इसे लेकर नाराजगी है.


रोहित कुमार सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि देश की जनता ने उन्हें लगातार चुनावों में नकारा है. उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के साथ आम नौजवानों की ताकत खड़ी है और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय राजनीति में युवाओं के हितों की आवाज उठा रहे हैं.


उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को भारतीय राजनीति में नौजवानों की ताकत को समझना चाहिए. रोहित ने कहा कि राहुल गांधी को अपने आसपास के नेताओं और प्रवक्ताओं को भी यह समझाना चाहिए कि युवाओं की भूमिका राजनीति में सबसे महत्वपूर्ण है.


रोहित ने अपने बयान में राहुल गांधी पर तीखा हमला जारी रखते हुए कहा कि उनके आसपास के नेताओं ने उनकी राजनीति को नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने कहा, “आपके यह जो भोपू हैं, इन लोगों ने आपकी मिट्टी को पलीद कर दिया है. आपकी राजनीति का मटियामेट कर दिया है.”


रोहित ने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना होगा कि देश का नौजवान परिवारवादी राजनीति के खिलाफ खड़ा है. उन्होंने दावा किया कि नितिन नवीन के साथ अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा वाले नौजवानों की ताकत खड़ी है और राहुल गांधी को भी इस राजनीतिक वास्तविकता को समझना चाहिए.