Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव की घोषणा के बाद यह उनका पहला पटना दौरा है। ऐसे में उनके दो दिवसीय बिहार दौरे को संगठनात्मक और राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नितिन नबीन के पटना प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों और रणनीति पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। उनके पटना आगमन की प्रमुख वजह विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाला चुनाव माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नितिन नबीन एनडीए के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक और बातचीत करेंगे। बैठक में विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन हो सकता है। उम्मीदवारों के बीच बेहतर समन्वय, चुनावी रणनीति और वोटों के समीकरण समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा नितिन नबीन अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार के कामकाज और लोगों तक पहुंच रही सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस सीट पर जेडीयू ने अपने मौजूदा नेता नीरज कुमार को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं, जन सुराज की ओर से अनुज सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
अनुज सिंह के समर्थन में पूर्व विधायक अनंत सिंह के खुलकर उतरने के बाद पटना स्नातक सीट का चुनाव चर्चा में है। अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के समर्थन में क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं।
पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। अनंत सिंह के समर्थन का चुनावी समीकरण और स्नातक मतदाताओं के बीच उसका असर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
ऐसे में नितिन नबीन के पटना दौरे के दौरान पटना स्नातक सीट समेत विधान परिषद की अन्य सीटों की चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है। उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, संगठन की सक्रियता और चुनावी रणनीति को लेकर बैठकें महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।