Bihar Politics: बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा गुरुवार की देर शाम कर दिया गया था। सम्राट कैबिनेट के मंत्रियों ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पहली बार मंत्री बने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी स्वास्थ्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। निशांत ने कहा कि वह स्वास्थ्य सेवा को और बेहतर करने के साथ ही आम लोगों की जो परेशानी है उसे दूर करने की कोशिश करेंगे।


बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के चुनाव में एनडीए को मिली जीत जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जिस भरोसे के साथ एनडीए को समर्थन दिया है, वह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों की बात है। जनता के इस विश्वास को बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे राज्य के विकास, जनकल्याण और सरकार की योजनाओं को धरातल पर बेहतर तरीके से लागू करने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करेंगे।


उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, सच्चाई और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने का अवसर है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना और सरकार की योजनाओं को सही तरीके से लागू करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।


उन्होंने बताया कि यह उनका कार्यालय में पहला दिन है, इसलिए वे पहले विभाग की कार्यप्रणाली को समझने और सीखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। पहले वे विभाग की स्थिति, योजनाओं और चुनौतियों को समझेंगे, उसके बाद ही आगे की रणनीति तय करेंगे। उनका मानना है कि किसी भी जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से निभाने के लिए सीखना और समझना बेहद जरूरी होता है।


उन्होंने अपने पिता के कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि पिछले बीस वर्षों में उनके पिता ने स्वास्थ्य सहित कई विभागों में जो काम किए हैं, वे लोगों के बीच आज भी चर्चा का विषय हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि विकास और जनसेवा का वह सिलसिला लगातार जारी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के हित में जो कार्य पहले किए गए हैं, उन्हें और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।


उन्होंने नीतीश कुमार द्वारा घोषित “सात निश्चय-3” और “समृद्धि यात्रा” के दौरान किए गए वादों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। चाहे स्वास्थ्य विभाग हो या कोई अन्य विभाग, वे सभी योजनाओं को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है और वे इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।