Bihar Politics: जेडीयू के सुशासन दिवस कार्यक्रम के समापन के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने जिन सिद्धांतों पर राजनीति की है, वह उन्हीं सिद्धांतों पर आगे चलेंगे और किसी भी परिस्थिति में उनसे समझौता नहीं करेंगे।



निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है। चाहे दलित, महादलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा या अल्पसंख्यक समुदाय हो, सभी के विकास और कल्याण के लिए उन्होंने काम किया है। उनके कार्यकाल में किए गए काम जनता के सामने हैं और इसी वजह से सुशासन दिवस मनाया जा रहा है।



उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार आगे बढ़ रही है और प्रधानमंत्री का भी सहयोग मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने पिता के सिद्धांतों के साथ ही रहेंगे और हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे।



निशांत कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे उन पर और उनके पिता नीतीश कुमार पर अपना भरोसा बनाए रखें। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं, उनके सुख-दुख को सुनें और उनकी समस्याओं को समझें। इससे पार्टी और मजबूत होगी।



कार्यक्रम के बाद जब पत्रकारों ने निशांत कुमार से पूछा कि उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, तो इस सवाल पर वह मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने इस मुद्दे पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी।

रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना