Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड नेता और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। इस बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने पर तंज कसते हुए कहा कि यह उनकी पुरानी आदत है।
जानकारी के मुताबिक, नीरज कुमार पहले से हृदय संबंधी परेशानी से जूझ रहे हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। परिजनों के अनुसार, फास्टिंग के कारण वह निर्धारित समय पर अपनी दवा नहीं ले सके थे।
इसके बाद उन्हें असहज महसूस हुआ और अस्पताल ले जाना पड़ा। फिलहाल, परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने को लेकर जब मीडिया ने अनंत सिंह से सवाल किया, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये आज का नहीं, नीरज जी का सब दिन का आदत है। जब बूथ पर पैसा भेजना रहेगा, तो कहा जाएगा कि हार्ट अटैक हो गया। ये सब दिन का नियम रहा है, यह नया नहीं है।
वहीं मीडिया कर्मियों ने अनंत सिंह से उनके खिलाफ दर्ज तीन मामलों को लेकर भी सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि केस कर दिया है, तो हम क्या करें। चुनाव में हमारी तैयारी बढ़िया है। जनता मालिक है, भगवान है। नीरज कुमार की तबीयत ऐसे समय बिगड़ी है, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इस चुनाव में उन्हें अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
अनंत सिंह खुले तौर पर जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। वह कई बार सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। दूसरी ओर, नीरज कुमार भी चुनावी सभाओं में बिना नाम लिए अपने विरोधियों पर निशाना साधते रहे हैं। इस घटनाक्रम ने जेडीयू के अंदरूनी मतभेदों को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।