Bihar Politics: बिहार सरकार ने मोकामा विधायक अनंत सिंह की पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को पटना का सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है। जेडीयू से निष्कासन के बाद अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को 20 सूत्री सदस्य के पद से हटा दिया गया है और अब उनके सरकारी आवास को खाली करने का निर्देश दिया है।




दरअसल, पटना में राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पूर्व सदस्य नीलम देवी को सरकारी आवास खाली करने का निर्देश दिया गया है। मॉल रोड स्थित आवास संख्या-01 को 25 नवंबर 2026 तक खाली करने को कहा गया है। इस संबंध में संयुक्त सचिव-सह-भू-सम्पदा पदाधिकारी की ओर से नीलम देवी को पत्र जारी किया गया है।




नीलम देवी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की सदस्य रहते हुए उप मंत्री का दर्जा प्राप्त था। इसी आधार पर विभागीय कार्यालय आदेश संख्या-73, दिनांक 19 मई 2026 के जरिए उन्हें पटना के मॉल रोड स्थित आवास संख्या-01 आवंटित किया गया था।




अब मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना संख्या-578, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के तहत नीलम देवी का राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य के रूप में मनोनयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इसके बाद सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।




पत्र में आवास आवंटन से जुड़े पटना केन्द्रीय पूल नियमावली, 1986 का भी उल्लेख किया गया है। नियमावली के नियम-11(2) 1 के अनुसार सेवा या पद की समाप्ति के बाद सरकारी आवास अपने पास रखने की अनुमन्य अवधि एक माह निर्धारित है। इसी अवधि के आधार पर नीलम देवी को 25 नवंबर तक आवास खाली करने का निर्देश दिया गया है।




विभाग की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि पटना केन्द्रीय पूल का आवास संख्या-01, मॉल रोड, पटना निर्धारित तिथि यानी 25 नवंबर 2026 तक रिक्त कर दिया जाए। इसके साथ ही आवास खाली करने के संबंध में संबंधित विभागीय प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।