Mukesh Sahani Vijayadashami Wishes: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने महानवमी के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने बिहार समेत पूरे देश की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. उन्होंने प्रदेशवासियों को दुर्गा पूजा और देशवासियों को विजयादशमी एवं दशहरा की शुभकामनाएं दीं.
मुकेश सहनी ने कहा कि शारदीय नवरात्र और विजयादशमी हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण पर्व हैं. मां दुर्गा की आराधना लोगों को शक्ति, साहस और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देती है. उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा के साथ आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हैं.
मुकेश सहनी ने कहा कि विजयादशमी और दशहरा का पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है. भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और न्याय के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है.
उन्होंने कहा कि त्योहार हमें अपने जीवन में सद्गुणों को अपनाने और समाज में मौजूद बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का संदेश देते हैं. उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा की कृपा सभी लोगों पर बनी रहे और हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए.
वीआईपी संस्थापक ने लोगों से दुर्गा पूजा और दशहरा का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की बड़ी ताकत है और इसे हर हाल में बनाए रखना चाहिए.