Bihar Politics: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के प्रथम दिन नहाय-खाय के अवसर पर समस्त देशवासियों और विशेषकर बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छठव्रतियों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके सुख, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।




मुकेश सहनी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और विशेषकर बिहार की गौरवशाली लोक परंपरा का अनुपम उदाहरण है। यह पर्व सूर्य उपासना, स्वच्छता, पवित्रता और प्रकृति के प्रति अटूट आस्था का संदेश देता है। नहाय-खाय के साथ शुरू होने वाला यह चार दिवसीय अनुष्ठान आत्मसंयम, समर्पण, अनुशासन और श्रद्धा की अद्भुत मिसाल है। इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिलती है।




उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला महापर्व भी है। इस अवसर पर लोग आपसी भेदभाव भुलाकर एक साथ घाटों की साफ-सफाई और पर्व की तैयारियों में जुटते हैं। यह परंपरा समाज में सद्भाव और सहयोग का संदेश देती है।




मुकेश सहनी ने कामना की कि छठी मईया की कृपा समस्त देशवासियों पर बनी रहे और हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि का संचार हो। उन्होंने सभी छठव्रतियों के निर्बाध एवं सफल अनुष्ठान तथा परिवार और समाज के कल्याण की कामना की।