Bihar Ias News: राजद सांसद सुधाकर सिंह ने मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ सुमन को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा कर दिया है. सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार ने मांग किया है कि मोतिहारी में नए जिलाधिकारी को पदस्थापित किया जाए. साथ ही वर्तमान डीएम को राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी भेज कर अतिरिक्त ट्रेनिंग दिलाई जाय. राजद सांसद ने सवाल उठाया है कि, आखिर ऐसी कौन सी वजह है जिससे बार-बार मोतिहारी में ही पोस्टिंग ले रहे ? पहले एसडीओ, फिर नगर निगम कमिश्नर इसके बाद जिलाधिकारी।
मोतिहारी डीएम को फिर से ट्रेनिंग में भेजे बिहार सरकार-सुधाकर सिंह
किसानों की जमीन पर सरकार की भूमाफिया जैसी भूमिका और पूर्वी चंपारण जिला के पिपराकोठी में किसानों की जमीन पर वाटर पार्क के अवैध निर्माण के विषय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने सीधे तौर पर मोतिहारी के जिलाधिकारी को निशाने पर लिया.उन्होंने मोतिहारी के डीएम को अक्षम अधिकारी करार दिया. प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि वे किसी तरह से यूपीएससी की परीक्षा जरूर पास कर ली, लेकिन उनकी ट्रेनिंग ठीक से नहीं हुई है. मैं बिहार सरकार से मांग करता हूं कि ऐसे अधिकारियों को चिन्हित कर लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक प्रशिक्षण केंद्र मसूरी में दोबारा भेज कर प्रशिक्षित किया जाए. जिससे कि जिलाधिकारी के कामकाज में पारदर्शिता, दक्षता और न्याय की क्षमता विकसित हो .
सचिव के आदेश को भी नहीं मान रहे डीएम
बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह ने आगे कहा कि, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने पिपरा कोठी जमीन विवाद पर कहा था की वाटर पार्क के लिए दूसरी जमीन खोजी जाए. जब बिहार सरकार यह कह रही है कि पिपरा कोठी के उक्त जमीन पर वाटर पार्क का निर्माण नहीं होगा. इसके बाद भी मोतिहारी के डीएम उसी विवादित जगह पर वाटर पार्क का निर्माण क्यों करा रहे ? सचिव रैंक से चार रैंक नीचे के जिलाधिकारी बात क्यों नहीं मान रहे ? क्या मुख्य सचिव और सचिव के आदेश का कोई वैल्यू नहीं ? एक जिलाधिकारी वरीय अधिकारी के आदेश की अवज्ञा करें, बिहार में क्या हो रहा है?
मोतिहारी में नया डीएम भेजने की जरूरत
उन्होंने कहा कि, जब जिलाधिकारी स्वयं निष्पक्ष नहीं है, फिर वो पीपराकोठी विवादित जमीन मामले की सुनवाई कैसे करेंगे? जब पिपरा कोठी जमीन मामले में वह खुद ही पार्टी बन गए, उनकी निष्पक्षता प्रभावित है, ऐसे में सुनवाई नहीं कर सकते हैं. इस मामले की सुनवाई के लिए एक अलग डीएम भेजने की जरूरत है .
पहले एसडीएम,फिर कमिश्नर और अब डीएम, देश में पहली बार ऐसा हुआ-सुधाकर
सुधाकर सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, बिहार के इतिहास की बात नहीं कर रहा हूं. देश के इतिहास में आईएएस अधिकारी सौरभ सुमन सबसे मोतिहारी में एसडीएम बन कर जाते हैं. एसडीएम रहते हुए नगर विकास का प्रभार दिया जाता है. फिर उन्हें परमानेंट नगर आयुक्त बना दिया जाता है. 6 महीने बाद जब विदाई समारोह होता है तो वह कहते हैं कि मैं डीएम बनकर आ रहा हूं. 6 महीने बाद फिर वे डीएम बनकर मोतिहारी आ गए हैं. आखिर कारण क्या था? क्या उनकी इतनी दक्षता थी, नहीं...ऐसा नहीं था. बार-बार मोतिहारी इसलिए गए, क्योंकि वह कंप्रोमाइज व्यक्ति हैं. वहां के सबसे बड़े स्थानीय भू माफिया हैं,
मोतिहारी का सबसे बड़ा भू माफिया कौन ?
सबको मालूम है कि मोतिहारी का सबसे बड़ा भू माफिया कौन है? उनको लाभ पहुंचाने के लिए बिहार की सरकार ने सिविल एसडीओ के तौर पर नियुक्त किया था. फिर नगर आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया. इसके बाद जिलाधिकारी के रूप में नियुक्त किया. जो डीएम के रैंक में अपने बैच में छठे नंबर पर हैं, छठे नंबर वाले व्यक्ति को डीएम बनाया जाता है .इससे पांच सीनियर अफसर को डीएम नहीं बनाया गया, जो पांच सीनियर आईएएस अफसर थे उन लोगों ने मुख्यमंत्री के यहां मौखिक तौर पर विरोध दर्ज किया था. यह भी बिहार राज्य में हुआ है. उच्च प्रभाव के चलते सौरभ सुमन डीएम बनने में कामयाब रहे, उनसे ऊपर वाले पांच आईएएस अफसर को कहीं छोटे-छोटे जिले में डीएम के तौर पर पोस्टिंग मिली होगी. उन्होंने कहा कि मोतिहारी बड़ा जिला है. इस जिले में अनुभवी अधिकारी की डीएम के रूप में पोस्टिंग मिलती थी. लेकिन सौरभ सुमन को डीएम बनाकर गलत काम कराया जा रहा है.
हालांकि, सांसद सुधाकर सिंह के आरोपों पर मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ सुमन का पक्ष सामने नहीं आया है. हमने उनसे पक्ष जानने की कोशिश की है, लेकिन बात नहीं हो सकी.