IRCTC Scam: IRCTC घोटाला मामले में लालू परिवार को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार के आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा है। कोर्ट से लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को राहत नहीं मिली है।
दरअसल, यह मामला IRCTC के दो होटलों के टेंडर से जुड़ी कथित अनियमितताओं और पटना की जमीन के लेनदेन से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ा है। मामला रांची और पुरी स्थित रेलवे के BNR होटलों के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े पटना की जमीन के लेनदेन की जांच से संबंधित है।
विशेष अदालत के आदेश में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ PMLA की धाराओं के तहत आरोप तय करने का निर्देश दिया गया था। अदालत ने कुछ अन्य आरोपियों को मामले से मुक्त भी किया था।
पिछली सुनवाई में राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय किए थे। राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट ने भी भ्रष्टाचार के आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा है। ऐसे में लालू परिवार की मुश्किलें फिर से बढ़ती दिख रही हैं।