Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपनी सुरक्षा और राजनीतिक विरोधियों के निशाने पर होने को लेकर बेबाक अंदाज में प्रतिक्रिया दी। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है, क्योंकि "मैं खुद शेर हूं।"



जब लालू प्रसाद यादव से पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बना रहे हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "टारगेट करने दीजिए।" पत्रकारों ने जब पूछा कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुप हैं, तो लालू यादव ने कहा, हां, सब चुप हैं।



वहीं, तेजस्वी यादव के पार्टी संचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, "हां...", यानी वह तेजस्वी के नेतृत्व से संतुष्ट हैं। हाल ही में खबर आई थी कि बिहार सरकार ने लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को फिर से Z श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई है।



इससे पहले जून में दोनों नेताओं की Z श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई थी। इस फैसले पर राजद ने कड़ी नाराजगी जताई थी और इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था। विरोध स्वरूप लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने अपनी सुरक्षा वापस कर दी थी। उस समय कई राजद कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर सुरक्षा के लिए भी खड़े हो गए थे।



कुछ समय पहले लालू प्रसाद यादव ने बिहार की एनडीए सरकार पर आरोप लगाया था कि राबड़ी देवी को आवंटित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कराने का आदेश और उनकी सुरक्षा में कटौती प्रशासन का गलत फैसला था। बाद में सरकार द्वारा दोनों नेताओं को दोबारा Z श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने पर लालू यादव ने कहा था कि सरकार बैकफुट पर है।