Lalu Yadav Birthday: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर परिवार के सदस्यों ने उनके साथ जन्मदिन का जश्न मनाया। लालू यादव ने अपने परिवार के बीच केक काटकर जन्मदिन मनाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं।
राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर जन्मदिन की तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने पति लालू प्रसाद यादव को केक खिलाती नजर आ रही हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें गर्व है कि वह लालू यादव के बेटे हैं।
तेज प्रताप ने अपने संदेश में कहा कि “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ, पापा! आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूँ कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला। आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया। आपने मुझे संघर्ष करना, लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहना और हमेशा आगे बढ़ते रहना सिखाया। आज मैं जो कुछ भी हूँ, मेरी हर सफलता, मेरी हर पहचान और मेरे जीवन की हर उपलब्धि आपके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है। मैं अपनी हर उपलब्धि आपको समर्पित करता हूँ।
पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं। आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले। आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया। सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया। आपकी समाज सेवा, आपका त्याग और लोगों प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है।
मैं हर दिन भगवान का धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने मुझे आपका बेटा बनाया। मेरी यही प्रार्थना है कि आप हमेशा स्वस्थ, खुश और दीर्घायु रहें। भगवान आपको हर खुशी दें, उत्तम स्वास्थ्य दें और लंबी उम्र प्रदान करें। अगर मेरी उम्र भी आपको लग जाए तो उससे बड़ी खुशी मेरे लिए कोई नहीं होगी, क्योंकि आपका स्वस्थ और मुस्कुराता हुआ चेहरा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत और खुशी है। आप पर हमें हमेशा गर्व रहेगा, पापा। जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएँ। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और हमेशा करते रहेंगे”।
लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केक काटने की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे हैं। लालू यादव के जन्मदिन पर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से भी उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आज आपके जन्मदिन पर मैं बस इतना कहना चाहती हूँ कि मेरी ज़िंदगी में आपका स्थान कोई और नहीं ले सकता। आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, मुझे गिरकर संभलना और चलना सिखाया और हर मुश्किल में मेरी ढाल बनकर खड़े रहे। आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर है। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, हर पल सिर्फ और सिर्फ खुशी मिले और आपके आशीर्वाद का हाथ सदैव मेरे सिर पर रहे। जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएँ पापा .. हैप्पी बर्थडे”।