Bihar Politics: बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा नागपुर में दिए गए 4 बच्चे पैदा करने वाले बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। इस बयान पर अब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जीतन राम मांझी ने कहा कि बच्चे पैदा करने के मुद्दे पर किसी प्रकार की संकीर्ण सोच नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में हर बच्चा एक समान क्षमता लेकर जन्म लेता है, यह कहना मुश्किल है कि कौन आगे चलकर कितना बड़ा बन सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार का काम रोजगार पैदा करना और समाज को ईमानदारी से चलाना है, जिससे सभी का भरण-पोषण संभव हो सके।
मांझी ने आगे कहा कि भारत की वर्तमान जनसंख्या लगभग 140 करोड़ है। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि जब देश की जनसंख्या कम थी, तब भी भारत को जगतगुरु कहा जाता था। इसलिए जनसंख्या नियंत्रण पर सख्त रोक की बजाय शिक्षा और विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ा-लिखाकर शिक्षित और उद्यमी बनाना अधिक महत्वपूर्ण है।
वहीं दूसरी ओर, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि भारत में प्रत्येक परिवार को चार बच्चे पैदा करने चाहिए, जिनमें से एक स्वयंसेवक संघ के लिए हो, ताकि आपदा या संकट के समय मदद मिल सके। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है और विभिन्न नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।