Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र से ठीक एक दिन पहले परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक को रोकने के लिए विपक्षी INDIA गठबंधन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्ष के कई बड़े नेता रविवार (29 नवंबर) को चेन्नई रवाना हुए हैं। यहां वे डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात कर उन्हें केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे।



विपक्ष की यह पहल ऐसे समय में हो रही है, जब शनिवार को ही चेन्नई में एमके स्टालिन की अध्यक्षता में डीएमके सांसदों की बैठक हुई थी। इस बैठक में केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। स्टालिन ने कहा था कि केंद्र ने तमिलनाडु की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है। इनमें 1971 की जनगणना के अनुपात को बरकरार रखते हुए सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी और अगले 25 वर्षों तक राज्यों की हिस्सेदारी फ्रीज रखने की मांग शामिल है।



जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल विशेष विमान से नई दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुआ। इसमें पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और आरजेडी सांसद मीसा भारती समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं।



चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात के दौरान विपक्षी नेता उन्हें INDIA गठबंधन के साथ एकजुट रहने और विधेयक के खिलाफ समर्थन देने के लिए मनाने का प्रयास करेंगे। चेन्नई में बैठक के बाद विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम मुंबई रवाना होगा। वहां रात करीब 9 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान उन्हें भी परिसीमन विधेयक के विरोध में विपक्ष के साथ एकजुट रहने के लिए राजी करने की कोशिश होगी।



दरअसल, सोमवार से संसद का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन और महिला आरक्षण कानून को लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होनी है। इस विधेयक को संसद में पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। आंकड़ों के लिहाज से डीएमके की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। पार्टी के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 8 सांसद हैं। वहीं, शरद पवार की एनसीपी के पास लोकसभा में 8 सांसद हैं।



ऐसे में डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की ओर से विधेयक को समर्थन देने के संकेत मिलने से INDIA गठबंधन की रणनीति को बड़ा झटका लगा है। अब विपक्ष के शीर्ष नेता आखिरी समय में इन दलों को अपने पक्ष में लाने और गठबंधन की एकजुटता बनाए रखने के लिए डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं।