Bihar Politics: दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित विपक्ष की 10 लाख लोगों की रैली को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने रैली के बहाने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि कहीं एक बार फिर दिल्ली में अराजक स्थिति पैदा करने की कोशिश न हो। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि आंदोलन करना है तो महात्मा गांधी के रास्ते पर चलिए, जबरन किसी जगह घुसने और अराजकता फैलाने का रास्ता मत अपनाइए।





शनिवार को बेगूसराय पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने रिफाइनरी स्थित दिनकर गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने SIR, EVM, वोट चोरी और रिजीम चेंज जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी को घेरते हुए कई सवाल उठाए। साथ ही ऐलान किया कि आगामी 2 नवंबर को बेगूसराय में प्रतिकार पदयात्रा निकाली जाएगी।





गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी टीम दिल्ली के रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों की रैली करने की बात कर रही है। उन्होंने SIR के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में इस विषय को लेकर विपक्ष ने खूब राजनीति की, लेकिन यदि उनके पास मतदाताओं के नाम काटे जाने के प्रमाण थे तो चुनाव आयोग को क्यों नहीं सौंपे गए? उन्होंने कहा कि विपक्ष को गांव-गांव जाकर लोगों से पूछना चाहिए कि आखिर कितने मतदाताओं के नाम वास्तव में कटे हैं।




उन्होंने केरल में कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला के बयान का हवाला देते हुए विपक्ष से सवाल किया कि यदि SIR को लेकर उनके आरोप सही हैं तो उन राज्यों की चुनावी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाना चाहिए, जहां इसी प्रक्रिया के तहत चुनाव हुए हैं।




केंद्रीय मंत्री ने EVM पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद कभी EVM तो कभी वोट चोरी का मुद्दा उठाया जाता है। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष वहां भी हार रहा है। त्रिपुरा की ग्राम समितियों और हालिया विधान परिषद चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट की चोरी नहीं हो रही है, बल्कि जनता ने गलत लोगों को वोट देना बंद कर दिया है।