Bihar Politics: बिहार के गयाजी में बेलागंज विधायक के बेटे रॉकी यादव उर्फ राकेश रंजन से प्रतिबंधित भाकपा-माओवादी संगठन द्वारा 5 प्रतिशत लेवी (रंगदारी) मांगने का मामला सामने आया है। लेवी नहीं देने पर जान-माल की क्षति और फौजी हमले की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।



रॉकी यादव की शिकायत पर गया के रामपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गया के एसएसपी सुशील कुमार ने सिटी एसपी अभिनव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। पूरे मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार को सौंपी गई है।



प्राथमिकी के अनुसार, रॉकी यादव के परिवार की रमिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी है। कंपनी के मुख्य निदेशक उनके भाई विनीत यादव उर्फ जैकी यादव हैं। कंपनी एनएच विभाग के तहत चतरा-बाइपास निर्माण कार्य करा रही है।



रॉकी यादव के मोबाइल पर लगातार तीन दिनों तक एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल का टाइटल 'भाकपा-माओवादी' दिखाई दे रहा था। फोन नहीं उठाने के बाद 19 जुलाई की शाम उसी नंबर से माओवादी लेटर हेड पर धमकी भरा पत्र भेजा गया।



पत्र में कंपनी द्वारा कराए जा रहे भारत सरकार के विकास कार्य को तत्काल रोकने का निर्देश दिया गया है। साथ ही 5 प्रतिशत लेवी की मांग की गई है। लेवी नहीं देने पर कंपनी को भारी नुकसान पहुंचाने और फौजी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



SIT की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी भरा पत्र भेजा गया था, उसका लोकेशन और कॉल डिटेल अरुणाचल प्रदेश का मिला है। धमकी भरा पत्र कथित तौर पर माओवादियों की मध्य जोनल कमेटी के लेटर हेड पर भेजा गया था।



मामला दूसरे राज्य से जुड़ा होने के कारण गया पुलिस की विशेष टीम अब अरुणाचल प्रदेश जाने की तैयारी कर रही है। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी कई अहम बिंदुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी रॉकी यादव के परिवार की कंपनी के कर्मचारियों पर नक्सली हमले हो चुके हैं। 



इसी वजह से पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच कर रही है। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल नंबर का लोकेशन अरुणाचल प्रदेश मिला है। विशेष टीम जल्द ही वहां जाएगी।