Bihar News: बीजेपी ने पिछले महीने एक बड़ा फैसला लिया था. एक बड़े सियासी घटनाक्रम के बीच अपने विधान परिषद सदस्य देवेश कुमार का इस्तीफा करा दिया था. इस्तीफे से खाली हुई सीट पर उपेन्द्र कुमार के बेटे दीपक प्रकाश को विधान पार्षद मनोनीत किया गया है. एक महीने बाद सम्राट सरकार ने विधान परिषद सदस्य से इस्तीफा देने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेश कुमार को बिहार राज्य योजना पर्षद का उपध्यक्ष बनाया है. 

सरकार ने जारी की अधिसूचना....

योजना एवं विकास विभाग की तरफ से पूर्व विधान पार्षद देवेश कुमार को योजना पर्षद का उपाध्यक्ष नियुक्त करने के संबंध में अधिसूचना जारी की गई है. यह नियुक्ति तीन वर्षों तक या अगले आदेश तक के लिए है. बता दें, योजना पर्षद के अध्यक्ष खुद मुख्यमंत्री होते हैं. यानि मुख्य़मंत्री अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी देवेश कुमार उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे. 


बिहार विधानसभा के सदस्य और रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार को राज्य बीस सूत्री कमेटी का सदस्य बनाया गया है. वहीं हिंदुस्तानी आता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार भी सदस्य बने हैं. लोजपा रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक को भी सदस्य बनाया गया है. इन सभी सदस्यों को राज्य के उप मंत्री का दर्जा दिया गया है .


वहीं सम्राट सरकार ने एक और बड़ा निर्णय लिया है. राज्य नागरिक परिषद में नई नियुक्ति की गई है. रिक्त हुए पदों पर उपाध्यक्ष और महासचिव की नियुक्ति की गई है. उपाध्यक्ष के रूप में सिवान के डॉक्टर अजय कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है . जबकि नीतीश कुमार के साथ रहने वाले और पूर्व में उनकी सुरक्षाकर्मी रहे हरेंद्र बहादुर सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है.