Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। सोमवार सुबह उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री के इस दौरे में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी मिलने का कार्यक्रम है।





इन मुलाकातों के दौरान बिहार की विकास योजनाओं, केंद्र सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों और राज्य के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के सामने बिहार की विकास योजनाओं और जरूरतों से जुड़े प्रस्ताव रख सकते हैं।





मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वह 3 नवंबर को होने वाली बैठक की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री की भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से भी मुलाकात प्रस्तावित है। हालांकि, इस मुलाकात का समय अभी निर्धारित नहीं किया गया है।





दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वह शाम 4:30 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन (India Renewable Energy Conference) में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी भी रहेगी।