नई दिल्ली: उपचुनाव से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी दिल्ली से आ रही है। चुनाव आयोग ने 4 राज्यों की 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की है। इन सभी 6 सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।


दरअसल असम की नागांव लोकसभा सीट, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीट, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट एवं पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे। इसकी तैयारी में अब तमाम राजनीतिक पार्टियां लगेगी।


नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी की वापसी की चर्चा

उपचुनाव की घोषणा के बाद पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। यह सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।


हालिया विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी पारंपरिक सीट नंदीग्राम छोड़ दी। अब इस सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है।


ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या ममता बनर्जी एक बार फिर नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी? इस बात की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गयी है। हालांकि, ममता बनर्जी की उम्मीदवारी को लेकर अभी टीएमसी की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है।


नंदीग्राम में कैसा रहा था मुकाबला?

नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी को 1,27,301 वोट मिले थे, जबकि टीएमसी उम्मीदवार प्रतीभा कर को 1,17,636 वोट हासिल हुए। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी को 1,10,764 वोट, जबकि ममता बनर्जी को 1,08,808 वोट मिले थे।


रेजीनगर सीट भी खाली

पश्चिम बंगाल की दूसरी सीट रेजीनगर पर भी उपचुनाव होगा। यहां से आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने नौदा सीट से भी चुनाव जीता था। बाद में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया, जिसके कारण यह सीट खाली हो गई। बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूं कबीर को ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC)ने निष्कासित कर दिया था।


असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव

असम की नागांव लोकसभा सीट भी उपचुनाव वाली सीटों में शामिल है। यहां से सांसद रहे प्रद्युत बोरदोलोई ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था।


तमिलनाडु और पुडुचेरी की सीटें भी शामिल

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होगा। वहीं पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट के लिए भी चुनाव आयोग ने मतदान की तारीख घोषित कर दी है।


इस तरह चार राज्यों की कुल छह सीटों पर होने वाले उपचुनाव के नतीजे 9 अक्टूबर को सामने आएंगे। खासकर नंदीग्राम सीट पर सभी की नजरें रहेंगी, क्योंकि यहां ममता बनर्जी के संभावित चुनाव लड़ने को लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं।