DESK: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को सार्वजनिक जीवन में शुचिता और मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया है। उन्होंने नेताओं से सोने-चांदी के मुकुट और महंगे गिफ्ट नहीं लेने की अपील की।
नितिन नबीन ने भाजपा के नेताओं से यह कहा कि किसी कार्यकर्ता या समर्थक की ओर से महंगा उपहार देने पर उसे विनम्रता से वापस कर दें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों से समाज की अपेक्षाएं अलग होती हैं, इसलिए नेताओं को अपने आचरण के जरिए कार्यकर्ताओं और जनता के सामने उदाहरण पेश करना चाहिए।
दरअसल बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के महासचिवों के साथ हुई बैठक में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि नेताओं के व्यक्तिगत व्यवहार का प्रभाव पार्टी की छवि पर भी पड़ता है। ऐसे में सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता, शुचिता और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
महंगे गिफ्ट लेने से गलत संदेश जाता है
दरअसल, आने वाले समय में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर, गुजरात और कर्नाटक आदि राज्यों में चुनाव होने है। इन राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए टिकट के इच्छुक नेता और कार्यकर्ता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं प्रभारियों से मुलाकात के दौरान महंगे उपहार देने की कोशिश करते हैं। पार्टी कार्यक्रमों और शिष्टाचार मुलाकातों के दौरान सोने-चांदी के मुकुट सहित महंगे गिफ्ट दिए जाने की परंपरा भी देखने को मिलती है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि ऐसे महंगे उपहार स्वीकार करने से जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश जा सकता है। इसी को देखते हुए नितिन नबीन ने नेताओं को महंगे उपहार स्वीकार करने से बचने का संदेश दिया है।
पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक बैठक
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद नितिन नबीन ने राज्य का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, विभागीय समन्वयकों, राज्य स्तरीय विंग अध्यक्षों, सांसदों और जिला नेताओं के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठकें कीं। उन्होंने पार्टी के IT और सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर संगठन के कामकाज की समीक्षा की।