Bihar Politics: बिहार में होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए जेडीयू के बाद अब बीजेपी ने भी चार उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। इसमें सबसे खास नाम पावर स्टार पवन सिंह का है। बीजेपी ने पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही तीन और उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है।
पवन सिंह के अलावा बीजेपी ने बिहार बीजेपी में लंबे समय तक कार्यालय प्रभारी रहे संजय मयूख को एमएलसी उम्मीदवार बनाया। इसके साथ ही अनिल कुमार पाठक और शीला पंडित को भी अपना उम्मीदवार बनाया है। भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे और वही हुआ, आखिरकार बीजेपी ने उन्हें एमएलसी उम्मीदवार बना दिया है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था हालांकि पवन सिंह बिहार की किसी सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। यही वजह थी की उन्होंने आसनसोल से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया और बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर गए।
काराकाट से एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ पवन सिंह ने चुनाव लड़ा लेकिन इस चुनाव में दोनों की हार हो गई और इस सीट से विपक्ष के उम्मीदवार की जीच हो गई। जिससे एनडीए को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। आखिरकार लंबे समय तक चले सियासी ड्रामे के बाद पवन सिंह फिर से बीजेपी में शामिल हुए।
पवन सिंह के बीजेपी में शामिल होने के बाद से ही माना जा रहा था कि बीजेपी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेवारी सौंप सकती है। हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव में उनकी उम्मीदवारी की अटकलें लगाई जा रही थीं लेकिन बीजेपी ने उनके लिए कुछ और ही सोंच रखा था और अब उन्हें एमएलसी उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
बीजेपी उम्मीदवारों का राजनीतिक सफर
पवन सिंह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वे सवर्ण समाज,राजपूत समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और लंबे समय से संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
डॉ. संजय मयूख भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी हैं। वे लगातार दो कार्यकाल से बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। डॉ. मयूख कायस्थ समाज से आते हैं और संगठन व मीडिया के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण पहचान है।
अनिल ठाकुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और पूर्णिया क्षेत्र से आते हैं। वे नाई (ठाकुर) समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे पूर्व भी वे प्रदेश मंत्री के रूप में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।
वहीं शीला पंडित प्रजापति समाज से आती हैं। वे बाल संरक्षण आयोग की सदस्य हैं तथा पूर्व में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी के रूप में भी संगठन में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं।