Bihar Flood Relief: बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का सहयोग दिया है। इसके साथ ही पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगे।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 51 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता के बीच से आते हैं और संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ा होना उनका दायित्व है। इसी भावना के तहत बिहार के सभी भाजपा सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों से एक महीने के वेतन का अंशदान कराने का निर्णय लिया गया है।



उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और सहायता पहुंचाने के लिए भाजपा की ओर से आवश्यक सहयोग आगे भी जारी रहेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 51 लाख रुपये का चेक सौंपने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में यह राशि जरूरतमंद परिवारों की सहायता में उपयोगी साबित होगी।



मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद करना ऐसी आपदा के समय सरकार और समाज, दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी प्रशासन के साथ मिलकर जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।



भाजपा की ओर से 51 लाख रुपये के तत्काल सहयोग और पार्टी के जनप्रतिनिधियों के एक महीने के वेतन के अंशदान के फैसले से बाढ़ राहत अभियान के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहयोग उपलब्ध होने की बात कही गई है।