Bihar Township: बिहार सरकार ने सेटेलाइट टाउनशिप में जमीन-खरीद बिक्री को लेकर बड़ा पैसला लिया है. नगर विकास विभाग ने पाटलिपुत्र टाउनशिप में आज से ही जमीन बिक्री पर लगी रोक को हटा लिया है. अब इस क्षेत्र के किसान-रैयत अपनी जमीन को बेच सकते हैं. 

नगर विकास विभाग ने पाटलिपुत्र ग्रीन फील्ड सैटलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में क्रय- विक्रय- हस्तांतरण पर लगी रोक को आज से हटा लिया है.इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है. 

विकास आयुक्त सह अध्यक्ष बिहार शहरी योजना तथा विकास बोर्ड की अध्यक्षता में 31 जुलाई को बैठक हुई थी. जिसमें पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना- 2047 (प्रारूप) पर गजट प्रकाशन करने का निर्णय लिया गया. 60 दिनों में आम जनता से सुझाव के लिए प्रारूप को अधिसूचित किया गया है.


पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के लिए सुझाव या आपत्ति नगर विकास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार को डाक या कुरियर या फिर ईमेल आईडी पर भेजा जा सकता है. इसके लिए 60 दिनों का समय दिया गया है.