Bihar News: जमुई के अलीगंज प्रखंड में सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी और धनामा उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनिंद्र कुमार के बीच फोन पर हुई बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल ऑडियो में दोनों के बीच किसी स्थानीय या विभागीय मामले को लेकर तीखी बहस होती सुनाई दे रही है. बातचीत के दौरान विधायक प्रधानाध्यापक के बात करने के तरीके पर नाराजगी जताते हुए उन्हें ‘बात करने की तमीज सीखने’ की नसीहत देते सुनाई दे रहे हैं.


वायरल ऑडियो सामने आने के बाद धनामा उच्च विद्यालय से लेकर अलीगंज प्रखंड और शिक्षा विभाग के स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. मामले को लेकर स्थानीय लोगों और शिक्षक संगठनों के बीच भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.


‘कौन बोल रहे हो’ कहने पर बिगड़ी बात

जानकारी के अनुसार, कथित वायरल ऑडियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक किसी मामले को लेकर विधायक प्रफुल्ल मांझी से फोन पर बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं. बातचीत के दौरान प्रधानाध्यापक द्वारा विधायक को पहचानने को लेकर कथित तौर पर ‘कौन बोल रहे हो’ पूछे जाने के बाद बातचीत का माहौल गर्म हो जाता है.


इसके बाद विधायक प्रफुल्ल मांझी प्रधानाध्यापक के बात करने के लहजे पर नाराजगी जताते सुनाई देते हैं. वायरल ऑडियो में वह उन्हें बातचीत के तरीके को लेकर नसीहत देते हैं. दोनों के बीच हुई इस तीखी बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है.


ऑडियो वायरल होने के बाद धनामा उच्च विद्यालय और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों के बीच मामले को लेकर जानकारी जुटाने की चर्चा है. वहीं, स्थानीय स्तर पर भी लोग वायरल ऑडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं.


(Note: 1st Bihar Jharkhand इस वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है. ऑडियो कब और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया, इसकी भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।.)

हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. ऑडियो में मौजूद आवाज वास्तव में विधायक प्रफुल्ल मांझी और प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनिंद्र कुमार की ही है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि भी सामने नहीं आई है.