Bihar News: बिहार के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य के सभी जिलों में जॉब फेयर आयोजित करने की सरकार की पहल स्वागतयोग्य है। वर्ष 2026 में आयोजित रोजगार मेले में 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने और हजारों युवाओं को विदेशों में रोजगार से जोड़ने की दिशा में हुई प्रगति यह बताती है कि बिहार का युवा अब नए अवसरों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

BJP के प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्रा ने राज्य में रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी पहलों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें मुफ्त विदेशी भाषा प्रशिक्षण देने की पहल विशेष रूप से सराहनीय है। विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण मिलने से बिहार के युवाओं के लिए दूसरे देशों में रोजगार प्राप्त करना आसान होगा और वे अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे।


प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि जिला स्तर पर नियमित रूप से जॉब फेयर आयोजित होने से युवाओं को रोजगार की तलाश में पटना या दूसरे बड़े शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर कंपनियों और रोजगार देने वाली संस्थाओं से युवाओं का सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को भी समान अवसर मिल सकेंगे।


उन्होंने कहा कि कौशल विकास, भाषा प्रशिक्षण और रोजगार मेले को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाया जाए तो बिहार के युवाओं के लिए देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। आवश्यकता इस बात की है कि इन योजनाओं की जानकारी पंचायत और प्रखंड स्तर तक पहुंचाई जाए, ताकि दूर-दराज के गांवों के युवा भी इनका पूरा लाभ उठा सकें।


प्रभाकर मिश्रा ने कहा, “बिहार के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और रोजगार का मंच मिले तो वे देश ही नहीं, दुनिया के किसी भी हिस्से में अपनी क्षमता साबित कर सकते हैं। हर जिले में जॉब फेयर और विदेशी भाषा का निःशुल्क प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।”