Bihar Politics: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रही योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। निशांत कुमार ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया।



मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार में ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के विस्तार समेत स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।



निशांत कुमार ने कहा कि ‘स्वस्थ बिहार’ के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। अस्पतालों में सुविधाओं को बेहतर करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को बिहार में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं और विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।



स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद निशांत कुमार बिहार के हेल्थकेयर सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने राज्य के हर जिला अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में जरूरी जांच और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि मरीजों को सामान्य इलाज और जांच के लिए दूसरे जिलों या बड़े अस्पतालों का रुख न करना पड़े। इसी क्रम में जिला और रेफरल अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है।



स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को बिना जरूरत हायर सेंटर रेफर किए जाने की प्रवृत्ति पर भी रोक लगाने की पहल की है। इसके लिए जिला अस्पतालों और रेफरल अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर ही अधिक से अधिक मरीजों का इलाज हो सके।