Bihar News: पश्चिम बंगाल में आज दूसरे चरण के मतदान का समापन हो गया है. बंगाल के रण में टीएमसी और भाजपा आमने-सामने है. बीजेपी का दावा है कि इस बार बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को नकार दिया है. इधऱ बिहार एनडीए ने ममता बनर्जी के भतीजे को साफ मैसेज दिया है. भाजपा की सहयोगी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने कहा है कि ममता बनर्जी के भतीजे को केवल बांग्लादेश भागने का ही रास्ता बचेगा.

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने ममता 'भतीजे' को संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी शायद भूगोल और इतिहास दोनों भूल गए हैं। उन्हें ये याद दिलाने की जरूरत है कि बंगाल से दिल्ली का रास्ता बिहार से होकर ही गुजरता है. जिस दिल्ली को आप चुनौती दे रहे हैं, वहां तक पहुँचने से पहले बिहार की धरती पड़ती है। अगर बिहार के लोगों ने खदेड़ना शुरू किया, तो भागने के लिए दिल्ली तो क्या, बंगाल की सीमा भी छोटी पड़ जाएगी। फिर आपके पास केवल बांग्लादेश भागने का ही रास्ता बचेगा।

श्याम सुंदर शरण ने आगे कहा कि ममता के भतीजे को कानून का सामना तो करना ही होगा. सत्ता के नशे में चूर होकर आप कभी अजय पाल शर्मा जैसे अधिकारियों को निशाना बनाते हैं, तो कभी ED और CBI की टीम पर हमले करवाते हैं। यहाँ तक कि देश की सुरक्षा करने वाले अर्धसैनिक बलों को भी धमकी देने से आप बाज नहीं आ रहे हैं। 

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने कहा कि याद रहे...जांच एजेंसियों पर हमला करना आपकी कमजोरी दिखाता है, ताकत नहीं। लोकतंत्र में कोई भी 'शहंशाह' कानून से ऊपर नहीं होता। हम प्रवक्ता ने कहा कि अभिषेक बनर्जी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. 4 मई की तारीख नजदीक है। धमकियों का दौर खत्म होने वाला है। अब जनता और कानून अपना काम करेगा. बेहतर होगा कि आप अपना बोरिया-बिस्तर अभी से बांधना शुरू कर दें। तैयारी पूरी रखिए, क्योंकि बंगाल की जनता और कानून का शिकंजा आपको सीधा 'तिहाड़' भेजने के लिए तैयार है.