Bihar Flood News: बिहार में गंगा, कोसी, गंडक, सोन समेत कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कई जगह खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जबकि कुछ इलाकों में तेजी से हो रहे कटाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बिहार के अलग-अलग जिलों से बाढ़ और जलभराव की तस्वीरें सामने आ रही हैं।



इसी बीच भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के प्रति चिंता जताते हुए मदद के लिए आगे आने की बात कही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर दुख जताया और सरकार से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की अपील की।



बाढ़ प्रभावित इलाकों की तस्वीरें देख भावुक हुए पवन सिंह

पवन सिंह ने पीपरपाती, आरा समेत भोजपुर के अलग-अलग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि वहां से सामने आ रही तस्वीरों और लोगों की तकलीफ देखकर उनका मन बेहद दुखी है। उन्होंने कहा कि कहीं लोगों के घरों में पानी घुस गया है, तो कहीं परिवार अपने ही घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं। वहीं, बाढ़ और कटाव के कारण कई परिवारों के सामने अपने घर और जमीन के अस्तित्व को बचाने का संकट खड़ा हो गया है।



पवन सिंह ने कहा कि जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपना घर और संसार बसाया, आज वही सब कुछ उनकी आंखों के सामने संकट में है। उन्होंने कहा कि यह समय केवल चिंता जताने का नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए खड़े होने का है।



उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह पीपरपाती और आरा सहित सभी बाढ़ पीड़ित भाई-बहनों के साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की परेशानियों को करीब से देखेंगे और हर संभव सेवा एवं सहयोग करने का प्रयास करेंगे।



CM सम्राट चौधरी से की अपील

पवन सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, पीने का पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्री जल्द से जल्द पहुंचाई जानी चाहिए।



उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त संख्या में नाव और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही कटाव प्रभावित इलाकों में तत्काल ठोस बचाव इंतजाम करने की अपील की, ताकि लोगों के घर और जमीन को नुकसान से बचाया जा सके।



'बाढ़ पीड़ित खुद को अकेला न समझें'

पवन सिंह ने बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वे खुद को अकेला न समझें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह प्रभावित लोगों की सेवा, सहयोग और उनकी आवाज उठाने के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और जल्द राहत मिलने के लिए भगवान से प्रार्थना भी की।