Bihar Flood Relief: बिहार में बाढ़ और आपदा की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक महीने का वेतन दान किया है। मुख्यमंत्री ने 2 लाख 70 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह को सौंपा। यह चेक शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ में दिया गया।



मुख्यमंत्री की ओर से दी गई राशि का इस्तेमाल बाढ़ और आपदा से प्रभावित जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा। इस मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष जरूरतमंद लोगों की मदद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने राज्यवासियों के साथ-साथ समाज के सक्षम और समृद्ध लोगों से भी राहत कोष में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की।



सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा की स्थिति में समाज के सक्षम लोगों की सहभागिता से राहत और सहायता के कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।



मुख्यमंत्री के एक महीने का वेतन राहत कोष में देने के फैसले के बीच भाजपा की ओर से भी आर्थिक सहयोग की घोषणा की गई है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने 18 सितंबर को मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का चेक सौंपा था।



संजय सरावगी ने लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पार्टी की ओर से 51 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि यह राशि आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता में उपयोगी होगी।



बिहार भाजपा की ओर से 51 लाख रुपये की सहायता के साथ पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों से भी एक-एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की गई है। इस पहल से बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव कार्यों के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने भी राज्य के लोगों और सक्षम वर्गों से आपदा की इस स्थिति में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।