Bihar Cabinet Meeting: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव भी इसमें मौजूद रहेंगे। 


बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी शाम 6 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग के माध्यम से दी जाएगी। दूसरी बैठक होने के कारण कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले 22 अप्रैल को कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें 22 अहम एजेंडों को मंजूरी दी गई थी। 


पहली बैठक का सबसे बड़ा निर्णय राज्य के 11 शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का था। सरकार ने इन टाउनशिप के विकास को स्वीकृति देते हुए संबंधित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक भी लगा दी थी।


इस निर्णय के तहत मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा के आसपास जमीन की खरीद-बिक्री पर 30 जून 2027 तक रोक लागू रहेगी। वहीं पटना, सोनपुर, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया और मुंगेर में यह प्रतिबंध 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।


गौरतलब है कि अभी तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया है और सभी विभाग मुख्यमंत्री तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पास ही हैं। ऐसे में जल्द ही कैबिनेट विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है।