Bihar News: बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से लगातार भाजपा को घेरा जा रहा है। राजद के तरफ से कहा जा रहा है कि - आज हालत ऐसी हो गई है की लास्ट टाइम तक भाजपा अपना कैंडिडेट तय नहीं कर पा रही है। जबकि यह सीट भाजपा के बॉस का है। उसके बाद भी यह हालत है और अब यह बातें आ रही है कि जो कैंडिडेट तय हुए थे उनके माता-पिता का नाम चारा घोटाले में शामिल था। इस वजह से उनका नामांकन वापस कर लिया गया है। अब राजद के इसी राजनीतिक आरोप को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखा पलटवार किया है।


भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि - अरे राजद वाले नैतिकता का पाठ मत पढ़ाओ। सबको मालूम है कि बिहार को किस तरह से लाल यादव ने  मिलकर लूटा है। उन्होंने कैंडिडेट चयन को लेकर कहा कि यह प्रमाण है कि भाजपा के अंदरएक मंडल अध्यक्ष भी विधायक ,मंत्री अथवा मुख्यमंत्री बनने की हैसियत रखता है। हमारी पार्टी किसी भी दूसरे दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बेहतर पॉलिटिकल समझ रखती है। भाजपा में  राजद या कांग्रेस की तरफ परिवारवाद या वंशवाद नहीं है, यहां छोटे कार्यकर्ता को भी सीधे विधायक या सांसद का टिकट मिल सकता है।


 नीरज कुमार ने राजद को सलाह देते हुए कहा कि- "आपलोग हताश और निराश मत होइए यह तय है कि बांकीपुर सीट को हमलोग शानदार तरीके से जीतने जा रहे हैं। हमारा एक मंडल अध्यक्ष भी विपक्ष के किसी भी प्रत्याशी को हराने की क्षमता रखता है और इस बात का गवाह एक बार फिर से बांकीपुर का सीट होगा । ऐसे में राजद को नैतिकता का पाठ पढ़ाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जानती है कि राजद के शासनकाल में राज्य किस स्थिति से गुजरा था। ऐसे में भाजपा पर सवाल उठाने से पहले राजद को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।


बांकीपुर सीट पर उम्मीदवार बदलने को लेकर उठे विवाद पर नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी में टिकट देने का निर्णय संगठन की प्रक्रिया के तहत लिया जाता है। भाजपा का हर कार्यकर्ता पार्टी की ताकत है। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि राजद द्वारा यह प्रचार किया जा रहा है कि भाजपा ने कमजोर उम्मीदवार उतारा है, लेकिन जनता ऐसे दावों पर विश्वास नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और बांकीपुर सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित है।