Bihar Assembly Monsoon Session: बिहार विधानसभा के तीसरे दिन की कार्यवाही के दौरान सत्ताधारी दल के विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सदन की कार्यवाही से गायब रहने का सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।



दरअसल, बिहार विधानमंडल के दोनों ही सदनों में विरोधी दल के नेता मौजूद नहीं हैं। 20 जुलाई से शुरू हुए बिहार विधान मंडल के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और विधान परिषद में विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी की कार्यवाही में शामिल नहीं हो रहे हैं।



इसको लेकर सत्ताधारी दल के नेता सदन के बाहर और भीतर सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर नेता प्रतिपक्ष कहां गायब हो गए हैं। बिहार विधानसभा में तीसरे दिन की कार्यवाही के दौरान बीजेपी विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष की सदन से अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया।



उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में बिहार की जनता यह जानना चाहती है कि नेता प्रतिपक्ष बिहार को विकसित करने के संकल्प में योगदान नहीं कर के अमेरिका-ईरान युद्ध में मध्यस्थता कर रहे हैं या कहीं बैठकर चैन की बंसी बजा रहे हैं? बिहार के लोगों को इसका जवाब चाहिए।



बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पिछले कई दिनों से बिहार से बाहर हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि वह विदेश यात्रा पर गए हैं। उधर, विधान परिषद में विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी भी लालू प्रसाद यादव के इलाज के लिए दिल्ली गईं हैं। ऐसे में दोनों ही सदनों में विपक्ष के नेता के मौजूद नहीं रहने पर सवाल उठ रहे हैं।