Bankipur By Election News: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राघोपुर के पूर्व विधायक सतीश कुमार के परिवार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के सामने आने के बाद बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है.


बताया जा रहा है कि यह वीडियो पटना के मीठापुर स्थित एक मठ का है. वीडियो में जन स्वराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में महंत ब्रजेश मुनि लोगों से जन स्वराज के पक्ष में मतदान करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान पूर्व विधायक सतीश कुमार के पुत्र डॉ. इंद्रजीत कुमार भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते और ताली बजाते दिखाई देते हैं.


वीडियो में महंत ब्रजेश मुनि प्रशांत किशोर के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील करते हुए उन्हें सिर्फ विधायक ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री बनाने की बात भी कहते सुनाई दे रहे हैं.


इधर, पूर्व विधायक सतीश कुमार खुद बांकीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं.


दूसरी ओर, सतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले महंत ब्रजेश मुनि और उनके पुत्र डॉ. इंद्रजीत कुमार जन स्वराज और प्रशांत किशोर के समर्थन में सक्रिय नजर आ रहे हैं. इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं.


वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई यूजर्स इसे पूर्व विधायक के परिवार के भीतर अलग-अलग राजनीतिक रुख से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे बांकीपुर उपचुनाव के बदलते सियासी समीकरणों से जोड़ रहे हैं.


बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पहले से राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. ऐसे में इस वायरल वीडियो ने चुनावी माहौल के बीच नई सियासी चर्चा को जन्म दे दिया है.