Bihar Politics: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी में समीक्षा और मंथन का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।



करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में बांकीपुर उपचुनाव में हार के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। चुनाव में जिम्मेदारी संभालने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। बैठक में भाजपा के मंत्री, पटना के विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और चुनावी ड्यूटी में लगे कई नेता शामिल हुए।



लगभग तीन दशक से भाजपा का गढ़ रही बांकीपुर सीट पर पार्टी को मिली हार को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने नेताओं से चुनावी तैयारी, रणनीति और संगठन स्तर पर हुई कमियों की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि बैठक में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि चुनाव प्रचार और प्रबंधन में कहां कमी रह गई, जिसके कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।



बैठक के बाद बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बांकीपुर हार की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता भाजपा के साथ रही है और जहां भी कमी हुई है, उसे चिन्हित कर सुधार किया जाएगा। रामकृपाल यादव ने जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ने तीन महीने में बदलाव दिखाने का दावा किया है, ऐसे में भाजपा उनके काम का हर दिन हिसाब मांगेगी।



बता दें किपटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को हुए उपचुनाव के परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए गए थे। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों के अंतर से हराया। करीब तीन दशक बाद भाजपा को इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा है।