Anant Singh: मोकामा विधायक अनंत सिंह आज पटना से प्रयागराज के लिए रवाना हुए हैं। प्रयागराज जाने के दौरान आरा, बक्सर समेत कई जगहों पर समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। अनंत सिंह के काफिले में 100 से अधिक गाड़ियां शामिल थीं। उनके इस काफिले को सरेंडर से पहले शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।





पटना से रवाना होने के दौरान अनंत सिंह ने बताया कि वह प्रयागराज में अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह बहुत अच्छे दोस्त हैं। बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में मेरे समर्थक हैं।





आरा पहुंचने पर जब अनंत सिंह से पूछा गया कि यहां आकर कैसा लग रहा है, तो उन्होंने कहा बहुत बढ़िया। वहीं, बक्सर में समर्थकों ने उनका स्वागत करते हुए चांदी का मुकुट पहनाया। इसके बाद अनंत सिंह ने बक्सर में भोजन किया और फिर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।





बिहार विधानसभा की ओर से सात दिनों के भीतर सदस्यता समाप्त करने से जुड़े मामले में जवाब मांगा गया है। इस पर अनंत सिंह ने कहा कि वह शादी समारोह के बाद इसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि पहले अपना काम करूंगा, फिर जवाब दूंगा। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।





अनंत सिंह ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड देने के लिए लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव समेत सभी लोगों के घर जाएंगे। उन्होंने कहा कि नेतागिरी अपनी जगह है। बेटी की शादी है, सबको बुलाएंगे।





बता दें कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक या उससे पहले संबंधित जांच अधिकारी के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है। अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच वह लगातार अपने क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं।