Anant Singh: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को फिलहाल कोर्ट से राहत बरकरार है। अदालत ने अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को जारी रखने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई अब 15 जून को होगी। यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में हथियार लहराने और कथित रूप से अश्लील गानों के प्रदर्शन से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर दर्ज प्राथमिकी से संबंधित है।


दरअसल, बीते 2 मई को गोपालगंज जिले के सेमराव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील गानों के प्रसारण का आरोप लगाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद मीरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 


इस मामले में मोकामा विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह सहित कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पर्व में इसकी जांच क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट यानी CID को सौंप दी गई थी। इसके बाद से पूरे मामले पर लगातार कानूनी प्रक्रिया चल रही है।


इसी मामले में सुनवाई के दौरान अनंत सिंह के अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने अदालत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि अभियोजन पक्ष द्वारा जिस वायरल वीडियो को फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की बात कही गई थी, उसकी रिपोर्ट अभी तक न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं की गई है।


अधिवक्ता के अनुसार सुनवाई के दौरान न्यायालय ने अभियोजन पक्ष से जांच रिपोर्ट और अन्य आवश्यक तथ्यों के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि इस मामले में बिहार सरकार से आवश्यक निर्देश प्राप्त किए जाएंगे और फोरेंसिक जांच से जुड़ी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी।


अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने बताया कि न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 जून की तिथि निर्धारित की है। साथ ही विधायक अनंत सिंह, गायक गुंजन सिंह और अन्य आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ गिरफ्तारी पर लगी रोक को भी 15 जून तक बढ़ा दिया गया है।


यानी अगली सुनवाई तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी और पूर्व में जारी अंतरिम राहत यथावत लागू रहेगी। अब सभी की निगाहें 15 जून को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां फोरेंसिक रिपोर्ट और सरकार के निर्देशों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तय हो सकती है।


फिलहाल अदालत से मिली इस राहत के बाद अनंत सिंह और गुंजन सिंह को बड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन मामले का अंतिम फैसला अभी बाकी है। अब देखना होगा कि 15 जून को होने वाली अगली सुनवाई में अदालत के समक्ष क्या रिपोर्ट पेश की जाती है और इस चर्चित मामले में आगे क्या कानूनी दिशा तय होती है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज