Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। शादी की तैयारियों से लेकर मेहमानों की सूची और दामाद को मिलने वाले खास तोहफों तक की चर्चा हो रही है। इसी बीच भोजपुरी सिंगर और अभिनेता खेसारी लाल यादव को भी शादी का न्योता दिया गया है। अनंत सिंह ने वीडियो कॉल के जरिए खेसारी लाल यादव को अपनी बेटी की शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है।




वीडियो कॉल के दौरान अनंत सिंह खेसारी लाल यादव से कहते सुनाई दे रहे हैं कि उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को है। इस पर खेसारी लाल ने बताया कि 25 नवंबर को उनका पहले से एक कार्यक्रम तय है। हालांकि, उन्होंने शादी में शामिल होने की इच्छा जताते हुए कहा कि वह 25 नवंबर से पहले आएंगे और उसी दिन वापस लौट जाएंगे। इस बातचीत के बाद खेसारी लाल यादव के शादी समारोह में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।




बता दें कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की रस्में 20 नवंबर से शुरू होंगी। 20 नवंबर को तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि 25 नवंबर को शादी संपन्न होगी। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। शादी समारोह में जयपुर थीम पर जयमाला स्टेज तैयार किया जाएगा। इसके लिए खास सजावट और आकर्षक इंतजाम किए जा रहे हैं।




शादी में भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। मेहमानों की सूची में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, सांसद एवं गायक मनोज तिवारी और गायिका मैथिली ठाकुर समेत कई चर्चित नाम शामिल हैं। ऐसे में शिवांगी की शादी में फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है।





मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। ऋषिकेश पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले हैं। वह कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह के बेटे हैं। उन्होंने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है। बताया जाता है कि वह पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं।




इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर बिहार में पहले से ही काफी चर्चा है। अब खेसारी लाल यादव समेत भोजपुरी और बॉलीवुड के कई कलाकारों के शामिल होने की संभावना ने इस समारोह को और भी खास बना दिया है।